आंगन में पड़ी ईंट उठाकर सिर पर मारी, आई चोटें
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पुलिस थाना सदर के तहत जनकौर गांव में बुधवार रात करीब नौ बजे दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार एक पक्ष की शिकायत में पिंकी देवी पत्नी अश्वनी कुमार निवासी जनकौर ने बताया कि बुधवार रात वह और उसका पति अपने क्षतिग्रस्त मकान में गए थे। इस दौरान उनका पड़ोसी मुल्ख राज अपने मकान की छत पर आया। उन्हें पता चला कि मुल्ख राज उनके मकान से ईंटें ले जा रहा है। जब अश्वनी कुमार ने उसे रोकने को कहा तो मुल्ख राज उनके आंगन में आ गया और वहां पड़ी ईंट उठाकर अश्वनी कुमार के सिर पर मार दी, जिससे उन्हें चोट लगी। आरोप है कि इसी दौरान रामपाल, बबली पत्नी रामपाल और अर्चना पत्नी मुल्ख राज भी वहां पहुंच गए और उन्होंने भी मारपीट में हिस्सा लिया।
दूसरे पक्ष के मुल्ख राज निवासी जनकौर ने बताया कि वह अपने घर में था, तभी पड़ोसी अश्वनी कुमार और उसकी पत्नी पिंकी देवी उनके आंगन से उसका नाम लेकर गाली-गलौज करने लगे। जब उसने मना किया तो दोनों डंडे लेकर उसकी तरफ बढ़े और रास्ता रोककर उस पर हमला कर दिया।
पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि दोनों पक्षों से मिली शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।