दौलतपुर चौक (ऊना)। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनारी की हॉकी खिलाड़ी उमंग जसवाल का राष्ट्रीय खेलों के लिए चयन हुआ है। उनका चयन राज्य स्तरीय अंडर-14 हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद किया गया है। इसी प्रतियोगिता में स्कूल के अन्य खिलाड़ियों आदिति, दिव्यांशु, साक्षी जरियाल, अक्षिता चौधरी, कृतिका कौंडल और विनीत कुमार ने भी उम्दा प्रदर्शन किया। उमंग जसवाल एवं वंश कुमार की उपलब्धि पर एएसपी ऊना संजीव कुमार भाटिया ने उन्हें सम्मानित किया और कहा कि ऐसी प्रतिभाएं न केवल स्कूल बल्कि पूरे जिले का गौरव हैं। प्रधानाचार्य ललित मोहन ने उमंग जसवाल को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता कड़ी मेहनत और अनुशासन का नतीजा है। उन्होंने साथ ही यह भी बताया कि स्कूल के नॉन-मेडिकल वर्ग के छात्र वंश कुमार का मॉडल भी नेशनल स्तर के लिए चयनित हुआ है, जो घनारी स्कूल की बहुमुखी प्रतिभा का परिचायक है। संवाद