जिला मुख्यालय के निकटवर्ती गांव लालसिंगी में एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक में सवार दो लोग घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए ऊना अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे एक ट्रक जो मुंबई से मशीनरी लोड कर ऊना आ रहा था, जब लालसिंगी के समीप पहुंचा तो अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक नारायण पटेल निवासी मध्यप्रदेश को गंभीर चोटें आई हैं।
जबकि, सह चालक अनिल को मामूली चोटें पहुंची हैं। घायलों को उपचार के लिए स्थानीय लोगों की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। ट्रक में भारी और कीमती मशीनरी लोड थी जो ट्रक पलटने से क्षतिग्रस्त हो गई है। एसपी ऊना अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।