समूर में मैकेनिक की दुकान में आग लगने से चपेट में आई बाइक। स्रोत स्वयं
- फोटो : दुर्घटना के बाद रिवई सुनैचा के पास जाम लगाए ग्रामीण व जाम में फंसीं रोडवेज बसें। संवाद
कुटलैहड़ के समूर सोमवार को दिन में लगी आग, लाखों के नुकसान का अनुमान
विधायक विवेक शर्मा ने पीड़ित को 50 हजार रुपये की दी सहायता
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना) । कुटलैहड़ के समूर में सोमवार को दिन के समय मेकेनिक जसवंत सिंह की दुकान में अचानक आग लग गई। समूर बाजार के समीप जसवंत सिंह लंबे समय से स्कूटर और मोटरसाइकिल की मरम्मत का कार्य करता था। आग की इस घटना में उसे करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखी दो मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर राख हो गईं। इसके अलावा दुकान में मौजूद अन्य उपकरण और स्पेयर पार्ट्स भी आग की भेंट चढ़ गए। हालांकि किसी प्रकार की जानी नुकसान की सूचना नहीं है। समय रहते आग पर काबू पाकर आसपास की दुकानों या घरों तक आग को फैलने से रोका। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। लेकिन प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित जसवंत सिंह से मुलाकात की और उनका ढांढस बंधाया। विधायक ने पीड़ित को तत्काल राहत प्रदान करते हुए 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी। यह आश्वासन भी दिया कि प्रशासनिक स्तर पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन की ओर से दुकान में हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पीड़ित को सरकार की अन्य राहत योजनाओं से भी जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।