अंब (ऊना)। कुठेड़ा खैरला में 18.77 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद अंब पुलिस ने नशे के नेटवर्क पर एक और कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए फॉरवर्ड लिंक और दो बैंक खातों में हुए लेन-देन के आधार पर सोमवार को दो और युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी अंब और कुठेड़ा खैरला क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
इससे पहले अंब पुलिस थाना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कुठेड़ा खैरला में किराये के मकान पर दबिश देकर 18.77 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। पुलिस ने मौके से अनिल कुमार उर्फ कालू को गिरफ्तार किया था। अदालत ने आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा था। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के साथ उसके वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल की। जांच में सामने आए फॉरवर्ड लिंक और दो बैंक खातों में हुए लेन-देन के आधार पर पुलिस ने नशे के नेटवर्क से जुड़े दो अन्य युवकों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब दोनों नए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस नशे की सप्लाई चेन, मुख्य सप्लायरों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने पर है। पुलिस वित्तीय लेन-देन से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने लोगों से नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।