ऊना। जिला पुलिस ऊना ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लापता हुई करीब 12 और 13 वर्षीय दो नाबालिग बालिकाओं को 24 घंटे के भीतर सुरक्षित तलाशा है। पुलिस ने एक बालिका को राजस्थान के जयपुर और दूसरी को उत्तर प्रदेश के हासोवा से तलाशा। एक मामले में पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को पुलिस थाना सदर ऊना की संतोषगढ़ चौकी के अंतर्गत बिहार मूल की और वर्तमान में संतोषगढ़ निवासी महिला ने शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी करीब 13 वर्षीय बेटी 19 अगस्त को घर से बिना बताए कहीं चली गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की और बालिका को राजस्थान के जयपुर से सकुशल बरामद कर लिया गया।
इसी तरह महिला पुलिस थाना ऊना में बिहार मूल की और वर्तमान में पीरनिगाह रोड ऊना निवासी महिला ने अपनी करीब 12 वर्षीय बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने बालिका को उत्तर प्रदेश के हासोवा से सुरक्षित बरामद किया।
मामले में जितिन कुमार निवासी हासोवा, थाना निगोही, जिला सुजानपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों बालिकाओं को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने कहा कि किसी भी व्यक्ति, विशेषकर बच्चे के लापता होने की सूचना मिलने पर बिना देरी किए नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को सूचित करें।