ऊना के बसाल एवं अंब में दो सड़क हादसों में चार लोग जख्मी हो गए हैं। घायलों को निकटवर्ती अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामलों के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है।
बसाल में दो कारों की टक्कर में एक युवती सहित तीन घायल हो गए। शनिवार देर शाम हिसार, हरियाणा निवासी निखिल अहूजा, सुभाष एवं यामिनी गाड़ी में सवार होकर अंब की ओर जा रहे थे।
बसाल के समीप सामने से आ रही कार से टक्कर हो गई। इस कारण तीनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें ऊना अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने हादसे की सूचना परिजनों को दे दी है।
वहीं अंब के नैहरियां में एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। व्यक्ति की पहचान गंगा राम निवासी कुठेड़ा खैरला के रूप में हुई है।
उसे नाजुक हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है।