टाहलीवाल (ऊना)। हरोली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रविवार-सोमवार मध्यरात्रि एक तेज रफ्तार टिपर की चपेट में आने से दो भैंसों और एक जंगली सूअर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा ग्राम पंचायत बाथू में राजीव गांधी सुविधा केंद्र के पास हुआ। पुलिस ने पशुपालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हादसे में मारी गई भैंसें पंजाब की गढ़शंकर तहसील के गांव पंडोरी निवासी लक्की पुत्र मेशी की थीं। लक्की ने बताया कि दोनों भैंसें दुधारू नस्ल की थीं। देर रात सूचना मिली कि बाथू में सड़क पर दो भैंसें हादसे का शिकार हो गईं। जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि दोनों भैंसें सड़क पर मृत पड़ी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भैंसों के अलावा टिपर की चपेट में एक जंगली सूअर भी आया। उसकी भी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद टिपर चालक मौके से भाग गया। सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई है। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि आरोपी टिपर चालक की पहचान की जा रही है। पीड़ित को उचित मुआवजा दिलाने के प्रयास जारी हैं। संवाद