अंब (ऊना)। लाहड़ में शुक्रवार को सिलिंडरों से लदा ट्रक पलट गया। हादसे में ट्रक चालक का बचाव हो गया है। हादसा ट्रक के सामने अचानक लावारिस जानवर आने से हुआ है। शुक्रवार को सुबह के लगभग छह बजे राष्ट्रीय उच्च मार्ग-3 अंब-नादौन पर लाहड़ के समीप मैहतपुर से धर्मशाला के लिए गैस सिलिंडरों की सप्लाई लेकर जा रहा ट्रक उस समय दुर्घटना का शिकार हो गया। जब ट्रक के आगे अचानक लावारिस जानवर आ गया। ट्रक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे पेड़ से टकरा कर पलट गया। हादसे से ट्रक में लदे 306 गैस सिलिंडर सड़क तथा पास के नाले में जा गिरे।
गनीमत यह रही कि हादसे के समय ट्रक की चपेट में कोई दूसरा वाहन नहीं आया। ट्रक चालक आनंद कुमार का हादसे में बचाव हो गया है। उधर, अंब की डीएसपी सृष्टि पांडे ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।