अंब बाजार तथा आसपास सड़क किनारे तक पहुंचा दुकानों का सामान।स्रोत:संवाद।
अंब (ऊना)। नगर पंचायत अंब के तहत ऊना, नैहरियां और बस अड्डा मार्ग के किनारे इन दिनों अतिक्रमण के चलते आम लोगों और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन मुख्य मार्गों पर दुकानदारों ने अपनी दुकानों की सीमा से बाहर निकलकर फुटपाथ और सड़क के किनारों पर कब्जा कर लिया है। फल-सब्जी की दुकानों से लेकर कपड़ों, दवाइयों, इलेक्ट्रॉनिक्स और कबाड़ का काम करने वाले व्यापारियों ने अपना सामान, लोहे के पाइप, तिरपाल और बड़े-बड़े डिब्बे फुटपाथ पर फैला रखे हैं। कई स्थानों पर सड़क किनारे कबाड़ के ढेर और अस्थायी खोखे लगने से जाम की स्थिति बन रही है। इसके साथ ही फुटपाथ के बीचों-बीच विज्ञापन के बड़े होर्डिंग, लोहे के स्टैंड वाले बोर्ड और पोस्टर लगा दिए गए हैं। फुटपाथ पर सामान और विज्ञापन बोर्ड रखे होने की वजह से राहगीरों के पास चलने के लिए कोई जगह नहीं बचती। इस कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को मुख्य सड़क के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है, इससे तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने का खतरा हर पल बना रहता है। इसके अलावा दुकानों के आगे ग्राहकों और दुकानदारों के दोपहिया और चारपहिया वाहनों के कारण सड़क की चौड़ाई आधी रह जाती है। स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि फुटपाथ पर पूरी तरह से कब्जा होने के कारण बाजार में चलना दूभर हो गया है।
एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने कहा कि प्रशासन समय-समय पर अतिक्रमण पर संज्ञान लेता है। यदि किसी क्षेत्र में ऐसी समस्या सामने आ रही है, तो नगर पंचायत प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा जाएगा।
नगर पंचायत में पार्किंग का होना बहुत आवश्यक है। जब तक बाजार आने वाले लोगों के पास वाहन खड़ा करने को उचित जगह नहीं होगी तब तक लोग मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़ा करने को मजबूर रहेंगे। अवैध पार्किंग का हल है कि पहले नगर पंचायत बाजार में पार्किंग का निर्माण करवाए।
-धर्मेंद्र कुमार बिल्ला, व्यापारी, अंब
दुकानों के आगे और फुटपाथों के बीच रखे बड़े विज्ञापन बोर्ड लोगों की आवाजाही में बाधा बन रहे हैं। लोहे के भारी स्टैंड और बीच रास्ते में लगाए गए बोर्डों के कारण राहगीरों को जान जोखिम में डालकर सड़क पर उतरना पड़ता है। प्रशासन और नगर पंचायत को फुटपाथों पर रखे अनधिकृत होर्डिंग और प्रचार बोर्ड तुरंत हटाना चाहिए ताकि पैदल चलने वालों को सुरक्षित रास्ता मिल सके।
-मनोहर लाल मेहता, व्यापारी, अंब