कटोहड़ कलां में चोरी की घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नंदपुर(ऊना)। उपमंडल अंब के अंतर्गत आने वाले गांव कटोहड़ कलां में हुई चोरी की घटना ने ग्रामीणों में चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीण श्रेष्टा रानी, पत्नी स्वर्गीय राम प्रसाद निवासी कटोहड़ कलां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका ट्रैक्टर घर के पास बने शेड में खड़ा था। बीती रात अज्ञात व्यक्ति ट्रैक्टर की बैटरी और टूलकिट चोरी कर ले गए।
सुबह जब उन्होंने ट्रैक्टर का निरीक्षण किया तो बैटरी और औजार गायब पाए। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्र में पूछताछ शुरू की।
थाना प्रभारी अंब अनिल कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस को प्रारंभिक जांच में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी में शामिल व्यक्तियों की पहचान जल्द कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।