फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: श्रावण अष्टमी मेले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 10 सेक्टरों में बंटेगा चिंतपूर्णी मेला क्षेत्र

Sun, 19 Jul 2026 12:31 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
श्रावण अष्टमी मेले को लेकर आयोजित बैठक में मौजूद अधिकारी। स्रोत आयोजक
विज्ञापन
ऊना। विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी में 13 से 21 अगस्त तक आयोजित होने वाले श्रावण अष्टमी मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को माईदास सदन चिंतपूर्णी में अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) एवं मेला अधिकारी इशांत जसवाल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मेले के सफल एवं व्यवस्थित संचालन के लिए सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
विज्ञापन

एडीसी ने बताया कि मेले के दौरान एसडीएम अंब को सहायक मेला अधिकारी, एएसपी ऊना को पुलिस मेला अधिकारी तथा डीएसपी अंब को सहायक पुलिस मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर श्रद्धालुओं के लिए चौबीस घंटे खुला रहेगा। केवल रात्रि में साफ-सफाई के लिए एक घंटे तथा दोपहर में मां के श्रृंगार एवं भोग के दौरान कुछ समय के लिए मंदिर के कपाट बंद रहेंगे।
मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को 10 सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा। प्रत्येक सेक्टर की निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस, होमगार्ड और त्वरित कार्य बल (क्यूआरटी) के करीब 1600 जवान तैनात रहेंगे ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन कराए जा सकें।
विज्ञापन

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मेले के दौरान कोई भी संस्था या व्यक्ति बिना अनुमति लंगर नहीं लगा सकेगा। लंगर समाप्त होने के बाद संबंधित आयोजकों को साफ-सफाई सुनिश्चित करनी होगी। वहीं जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक विभाग मेले के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच करेगा।

लाउडस्पीकर और प्लास्टिक पर रहेगा प्रतिबंध
एडीसी ने बताया कि मेले के दौरान ढोल-नगाड़े, चिमटा, लाउडस्पीकर बजाने के साथ प्लास्टिक और थर्मोकोल के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा मालवाहक वाहनों के माध्यम से श्रद्धालुओं के मंदिर आने पर भी रोक रहेगी। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में अस्थायी शौचालय बनाए जाएंगे। ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने के लिए रिकवरी वैन तैनात रहेगी। भिक्षावृत्ति पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और जिला बाल संरक्षण अधिकारी की टीमें लगातार निरीक्षण करेंगी। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विभिन्न स्थानों पर एलोपैथिक एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर स्थापित किए जाएंगे। बैठक में लोक निर्माण विभाग को मेला शुरू होने से पहले सभी संपर्क सड़कों की मरम्मत और आवश्यक सुधार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। जल शक्ति विभाग को पेयजल भंडारण टैंकों का क्लोरीनेशन कराने और श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में एसडीएम अंब पारस अग्रवाल, डीएसपी अंब अनिल पटियाल, प्रधान लोहारा अपर संगीता वालस, छपरोह की प्रधान अंजू कालिया, नारी चिंतपूर्णी की प्रधान प्रवीण कुमारी, धर्मशाला महंता खास की प्रधान सुनीता राणी, घेबट बेहड़ की प्रधान सिमरन सहित अन्य मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें