ऊना/चकसराय (ऊना)। उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत बैरियां में टीबी मुक्त पंचायत अभियान के तहत आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में टीबी के तीन संदिग्ध मरीज सामने आए हैं। स्वास्थ्य टीम ने तीन लोगों को आगे की जांच के लिए चिह्नित किया है। अब बलगम जांच रिपोर्ट आने के बाद ही टीबी संक्रमण की पुष्टि हो सकेगी। शिविर के दौरान कुल 70 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान टीबी के अलावा रक्तचाप, शुगर और कोलेस्ट्रॉल के टेस्ट भी किए गए।
थानाकलां अस्पताल की स्वास्थ्य टीम ने पंचायत में पहुंचकर लोगों की स्वास्थ्य जांच की और उन्हें विभिन्न बीमारियों के लक्षणों के प्रति जागरूक किया। डॉ. अंकुश शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान तीन लोगों में टीबी के संक्रमण के मामूली लक्षण पाए गए हैं। ऐसे में एहतियात के तौर पर उनकी बलगम जांच करवाई जाएगी ताकि टीबी की स्थिति स्पष्ट हो सके। उन्होंने कहा कि समय रहते बीमारी की पहचान होने से मरीज का उपचार जल्द शुरू किया जा सकता है। डॉ. अंकुश शर्मा ने लोगों से पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। टीबी मुक्त पंचायत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए लोगों की सहभागिता और जागरूकता जरूरी है। किसी भी व्यक्ति में टीबी से जुड़े लक्षण दिखाई देने पर उसे जांच करवाने में देरी नहीं करनी चाहिए। इस अवसर पर ग्राम पंचायत बैरियां के प्रधान अपूर्व ठाकुर, आशा वर्कर उषा देवी और रीता देवी मौजूद रहीं। स्वास्थ्य टीम में डॉ. सेजल शर्मा, लैब टेक्नीशियन आरती चौधरी, एएनएम सरिता देवी और एक्सरे टेक्नीशियन गुलशन कुमार ने सेवाएं दीं।