ऊना-चंडीगढ़ रोड पर रक्कड़ कॉलोनी के पास एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में कार सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस और स्थानीय लोगों की मदद से ऊना अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मैहतपुर निवासी मोहित, चताड़ा निवासी दीपक और देहलां निवासी दीपक कार में वीरवार सुबह मैहतपुर से ऊना की ओर आ रहे थे कि रक्कड़ कॉलोनी पहुंचने पर अचानक कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई।
हादसे में कार सवार तीनों युवकों को गंभीर चोटें पहुंचीं। इनको तुरंत ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। सीएमओ ऊना डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि सड़क हादसे में घायल युवकों को अस्पताल में उपचार दिया गया है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में छानबीन शुरू कर दी है।