नशे के सौदागरों के खिलाफ श्री आंनदपुर साहिब पुलिस की बड़ी कारवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। जिला रूपनगर पुलिस प्रमुख गुलनीत सिंह खुराना के नेतृत्व में नशा तस्करों के खिलाफ श्री आनंदपुर साहिब पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने खालसा कॉलेज के निकट लगाए गए नाके के दौरान एक थार गाड़ी को रोककर तलाशी ली, जिसमें सवार दो युवकों से 250 ग्राम अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार युवकों की पहचान रोहित सैनी और मनोज कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने खुलासा किया कि यह अफीम उन्होंने विकास सोनी पुत्र बनवारी लाल, निवासी गांव टपरियां (जो भनुपली में कबाड़ का काम करता है) से खरीदी थी।
उनकी निशानदेही पर पुलिस ने फौजी पुल के निकट खड़ी विकास सोनी की स्कॉर्पियो गाड़ी की तलाशी ली, जिसमें से लगभग 8 किलो अफीम और 2 किलो 427 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने विकास सोनी को भी गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे का यह सामान कहां से लाया गया था, इसे किसे सप्लाई किया जाना था, और आरोपी कब से इस धंधे में लिप्त हैं।