संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। डेरा बाबा बड़भाग सिंह जी मैड़ी होली मेले के पहले दिन हजारों श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। वीरवार को स्थानीय बाजारों में श्रद्धालुओं की आमद से खूब चहल पहल रही।
मेले के पहले दिन हजारों श्रद्धालुओं ने डेरा बाबा बड़भाग सिंह जी बेरी साहिब, गुरुद्वारा मंजी साहिब, कुज्जासर, मंदिर वीर नाहर सिंह जी और चरणगंगा में श्रद्धालुओं ने बाबा जी के दरबार में हाजरी लगाई और मन्नत मांगी। मेले में विशेष रूप से पंजाब और जम्मू से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रही।
हालांकि पूर्व वर्षों की भांति मेले में तंबुओं और दुकानों की संख्या काफी कम है। ज्वार की तरफ से मैड़ी मार्ग पर भारी वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। जबकि नैहरियां मैड़ी रोड़ पर मैड़ी में हल्के पार्किंग की व्यवस्था है। मेला क्षेत्र में प्रशासन की तरफ से एक कंट्रोल रूम और सूचना केंद्र स्थापित किया गया है।
नैहरियां से मैड़ी के लिए टैक्सी सेवा के लिए परमिट प्रदान किया गया है। जिससे ऊपरी नैहरी में स्थापित अस्थायी बस अड्डे से सवारियां मेला क्षेत्र के लिए टैक्सी की सुविधा उठा सकती हैं। मेले के पहले दिन पर नैहरियां से मैड़ी मार्ग को हल्के वाहनों तथा ज्वार और लाहड़ से मार्ग को भारी वाहनों को ले जाने व्यवस्था की गई है। दोनों मार्गों पर पुलिस बैरियर लगाए गए हैं। जिनमें जांच पड़ताल की जा रही है।
उधर, धौलीधार सेवा सोसायटी के महंत शादीलल गोस्वामी ने बताया कि चरण गंगा में देर रात से ही स्नान के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। मेले के पहले दिन हजारों श्रद्धालुओं ने चरण गंगा में स्नान किया और पवित्र धूने के दर्शन किए।