सात लाख 63 हजार के बिल बकाया, 526 उपभोक्ताओं ने जमा नहीं करवाया बिल
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही/ मैड़ी (ऊना)। विद्युत उपमंडल नैहरियां के तहत आने वाले उपभोक्ताओं के लिए बिजली बोर्ड ने बकाया बिजली बिलों को लेकर सख्त चेतावनी जारी की है। सहायक अभियंता आशीष धीमान ने स्पष्ट किया है कि सभी उपभोक्ता अपने चालू एवं बकाया बिजली बिल 24 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से जमा करवाना सुनिश्चित करें, अन्यथा बोर्ड की ओर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बिजली बोर्ड के अनुसार विद्युत उपमंडल नैहरियां के अंतर्गत कुल 9,200 उपभोक्ता पंजीकृत हैं, जिनमें से 526 उपभोक्ता समय पर बिजली बिल जमा नहीं करवा रहे हैं। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक इन उपभोक्ताओं पर करीब 7 लाख 63 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया है। चिंताजनक बात यह है कि कई उपभोक्ताओं के तीन महीने या उससे अधिक अवधि के बिजली बिल लंबित हैं, जिससे बिजली बोर्ड को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। बोर्ड ने जानकारी दी है कि लंबे समय से बिल न जमा करने वाले उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद यदि निर्धारित समय सीमा तक भुगतान नहीं किया गया तो ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। बिजली बोर्ड ने साफ किया है कि 24 दिसंबर के बाद बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन बिना किसी पूर्व सूचना के काट दिए जाएंगे। सहायक अभियंता आशीष धीमान ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए समय रहते अपने बिजली बिलों का भुगतान करें।