मैहतपुर (ऊना)। निकाय चुनाव की तारीख का एलान होते ही जिले की नगर परिषदों में चुनावी हलचल शुरू हो गई है। नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा में इस दफा कुल नौ वार्डों में से चार वार्डों में महिलाओं को मौका मिला है। रोचक बात यह कि इस दफा जिन वार्डों में जो लोग पार्षद बनकर नगर परिषद की दहलीज लांघना चाहते थे, उन्हें आरक्षण रोस्टर लागू से जोरदार झटका लगा है।
खास बात यह है कि स्थानीय नगर परिषद में एक बार फिर से चेयरमैन के सिंहासन पर महिला को ही बैठने का सौभाग्य प्राप्त होगा। वार्ड एक जो पिछली दफा महिला के लिए आरक्षित था, इस बार ओपन हो जाने के चलते उम्मीदवारों को एक मौका लेकर आया है। लिहाजा कांग्रेस और भाजपा दोनों ही सियासी दलों ने नए चेहरों को तलाशना शुरू कर दिया है। वार्ड तीन इस बार अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किए जाने से चुनाव लड़ने के सपने देख रहे उम्मीदवारों को जोरदार झटका लगा है। चार वार्ड से पार्षद बनकर नगर परिषद में दस्तक देने का सपना देखने वाले कई लोगों को निराशा हाथ लगी है, क्योंकि इस वार्ड से इस बार में महिलाओं को मौका दिया गया है। वार्ड पांच में इस दफा फिर से मतदाताओं को महिलाओं के लिए अपना वोट देना होगा। इस वार्ड से कुछ पुराने तो कुछ नए महिला चेहरों को मौका मिलने की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वार्ड छह ओपन होने के चलते इस बार कौन नया चेहरा होगा, इसके लिए नुक्कड़ बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। सात नंबर वार्ड से इस बार अनुसूचित जाति की महिला को मौका मिला है, लिहाजा इस वार्ड से कौन महिला सामने आती है, इसकी तलाश की जा रही है। वार्ड आठ से निवर्तमान में अनुसूचित जाति से महिला पार्षद हैं, इस दफा ओपन महिला को मौका मिलने से मुकाबला रोचक होने के आसार बन गए हैं। वार्ड नौ सामान्य वर्ग के लिए खुला है, जहां से भाजपा-कांग्रेस समर्थक संभावित प्रत्याशियों के बीच जोरदार सियासी जंग की संभावना जताई जा रही है। माना यह जा रहा है कि महिलाओं के लिए आरक्षित वार्डों में सशक्त महिला प्रत्याशियों का चयन दोनों ही प्रमुख सियासी दलों के लिए काफी मायने रखता है, क्योंकि चेयरमैन के सिहांसन में महिला को बैठना है। लिहाजा यह इस बात पर निर्भर करता है कि चुनाव लड़ने वाली महिलाओं की उनके वार्ड की जनता के बीच कितनी मजबूत पकड़ है। फिलहाल सभी वार्डों में तीन से चार तो कहीं पांच से छह नामों पर स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का दौर शुरू हो चुका है। नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा की निवर्तमान अध्यक्ष मंजू चंदेल के पति बीएस चंदेल ने वार्ड एक से चुनावी समर में कूदने का खुला एलान कर दिया है।