सोनू कपिला को गंभीर हालत में किया गया था रेफर
हादसे में दो लोगों की पहले हो चुकी है मौत, पुलिस की जांच जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। संतोषगढ़ से नंगल की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर अजौली गांव में टोल नाके पर 14 अक्तूबर को हुए हादसे में घायल तीसरे व्यक्ति सोनू कपिला (50) पुत्र राम स्वरूप निवासी अजौली की पीजीआई में मौत हो गई। हादसे में घायल दो लोगों की पहले ही मौत हो चुकी है। इस बीच अब तीसरे घायल ने भी दम तोड़ दिया। 14 अक्तूबर दिन सोमवार की दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर टोल केबिन में जा घुसी। हादसा उस समय हुआ, जब टोल पर तैनात तीन कर्मचारी दोपहर का भोजन कर रहे थे। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के साथ-साथ टोल नाके पर बनाए गए केबिन के भी पर परखचे उड़ गए। स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने आनन-फानन में घायल लोगों को साथ लगते निजी अस्पताल में पहुंचाया। इस दौरान एक कर्मी ने मुख्य मार्ग पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई।
घटना की बाद दम तोड़ने वाले दो कर्मियों की पहचान रंजीत सिंह पुत्र किशन सिंह, तहसील अंब जिला ऊना, परविंदर सिंह पुत्र दलीप सिंह गांव टीकरी तहसील नालागढ़ जिला सोलन के तौर पर हुई है। जबकि टोल नाके पर तैनात सोनू कपिला पुत्र राम स्वरूप कपिला निवासी अजौली गंभीर रूप से घायल हुआ था। उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। करीब 25 दिन बाद उसकी भी मौत हो गई।
यह हादसा एक स्कूटर चालक को बचाने के चक्कर में हुआ था। कार की रफ्तार भी तेज थी। घटना का सीसीटीवी सामने आया है जिसमें साफ देखा गया कि एक स्कूटर सवार बिना पीछे देखे मुख्य सड़क मार्ग पर आ गया। उसे बचाने के चक्कर में पीछे से आ रही कार तेज रफ्तार में टोल बैरियर के केबिन में घुस गई।
पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि हादसे की जांच जारी है। हादसे में तीसरे घायल की मौत हुई है। सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर जांच चल रही है।