ऊना। सुरक्षित भवन निर्माण कार्यों को लेकर विद्यार्थियों में जल्द मॉडल तैयार करने से जुड़ी प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। खंड स्तर से शुरू होने इस प्रतियोगिता में उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों के साथ महाविद्यालयों के विद्यार्थी भी हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले बच्चों में सर्वश्रेष्ठ मॉडल तैयार करने वालों को जिला और फिर राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। जानकारी के अनुसार बीते कुछ वर्षों से प्रदेश में आपदाओं से निर्माण कार्यों को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। भवन से लेकर कई अन्य परियोजनाओं के धराशायी होने से निर्माण कार्य सुरक्षित तरीके से होने की आवश्यकता अधिक महसूस हुई है। इसको लेकर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने शिक्षण संस्थानों में गतिविधियां आयोजित करने की पहल की है। इस प्रतियोगिता में तीन चरण होंगे, जिसमें उच्च, वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल और महाविद्यालय के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। खंड स्तर पर इस गतिविधि को 15 सितंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। खंड स्तर की गतिविधियां आयोजित करने वाली कमेटी के अध्यक्ष एसडीएम और बीडीओ सदस्य होंगे। इसके बाद सबसे बेहतरीन मॉडल तैयार करने वाले कुल तीन बच्चों को जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। जिला स्तर के आयोजन पीओ डीआरडीए की देखरेख में होगा। इस प्रतियोगिता में चयनित होने वाले बेहतरीन तीन म़ॉडल को राज्य स्तर की प्रतियोगिता में भेजा जाएगा। इसके साथ ही विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया जाएगा। यह पूरी गतिविधि 30 सितंबर तक खत्म होगी। इस आयोजन को लेकर शिक्षा विभाग ने सभी संस्थानों को अपनी रिपोर्ट तैयार कर ईमेल करने के निर्देश दिए हैं।
कोट्स
सभी स्कूलों को सुरक्षित निर्माण की मॉडल मेकिंग प्रतियोगिता के बारे अवगत करवा दिया गया है। सभी इसमें बच्चों की प्रतिभा दिखाने के लिए बढ़ चढ़कर हिस्सा लें। किसी प्रकार की दुविधा होने पर शिक्षा विभाग से संपर्क कर सकते हैं।
राजिंद्र कौशल, उपनिदेशक, जिला शिक्षा विभाग