ऊना। ऊना से अंब के लिए शाम सात से आठ बजे तक बस सुविधा न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उक्त रूट पर लंबी दूरी की बसें तो चलती हैं लेकिन ऊना से अंब के बीच आने वाले स्टेशनों पर नहीं रुकती हैं।
लंबी दूरी की बसों को परिचालक लोकल सवारी का हवाला देकर बस में नहीं बिठाते हैं। ऐसे में सवारियों को या तो टैक्सी या फिर परिजनों को ऊना बुलाना पड़ता है। इस समस्या पर एचआरटीसी ऊना कोई कदम नहीं उठा रहा है।
ऊना से अंब के लिए दिन भर बसों का संचालन होता रहता है लेकिन शाम के समय न तो निजी और न ही एचआरटीसी की कोई बस सेवा है। इससे आने जाने वाले यात्री परेशान होते हैं। बता दें कि ऊना से अंब के बीच झलेड़ा, बसाल, धुसाड़ा, बड़ूही, नंदपुर, पक्का परोह आदि स्टेशन पड़ते हैं। स्थानीय लोगों ने हिमाचल पथ परिवहन निगम ऊना से शाम के समय बसें चलाने की मांग की है।