भरवाईं (ऊना)। धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी में नए बस स्टैंड के समीप रविवार देर रात अज्ञात व्यक्ति ने एक ढाबे में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर ढाबे के गल्ले को तोड़कर उसमें रखी 4500 रुपये नकदी के साथ एक चेक बुक को लेकर फरार हो गया। आरोपी ने इस वारदात को रात 12 बजे के करीब अंजाम दिया। यह सारी घटना ढाबे में लगे कैमरे में कैद हो गई। चिंतपूर्णी पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार बस स्टैंड के नजदीक मोहन के ढाबे में रविवार रात 12 बजे के करीब एक अज्ञात युवक अंदर आया। उसने पहले गल्ले को तोड़ा और उसमें रखे 4500 के करीब नकदी निकाली और फिर साथ में रखी चेक बुक लेकर वहां से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि ढाबा रात सवा 11 बजे के करीब बंद किया गया था और चोरी की घटना के दौरान ढाबे के अंदर एक ढाबा कर्मी भी सोया हुआ था, लेकिन शातिर चोर ने वारदात को इस तरह अंजाम दिया कि अंदर सोए ढाबा कर्मी को भी इसकी भनक नहीं लगी। वहीं, ढाबा मालिक शुक्रवार से ही अपने घर गया हुआ था।
चिंतपूर्णी पुलिस ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है। जांच अधिकारी एएसआई रशपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने ग्रामीण बैंक में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली है। ग्रामीण बैंक के मैनेजर ने बताया कि सोमवार को सुबह पहला कस्टमर ढाबे में चोरी की घटना को अंजाम देने वाला युवक ही था। लेकिन जो चेक वो लेकर आया था, उस खाते में पैसे ही नहीं थे।