भरवाईं (ऊना)। क्षेत्र के जौड़बड़ के पास कालू दी बड़ बाजार में एक मकान में शनिवार रात शातिरों ने ताले तोड़कर एक सिलिंडर और कागजातों से भरा अटैची चोरी करके ले गए। इसके अलावा शातिरों ने घर की अलमारियों और बेडरूम में रखे समान को बाहर फेंक दिया।
मकान मालिक पवन कुमार लुधियाना में रहते हैं। उन्होंने बताया जा रहा है कि शातिरों ने इससे पहले मकान के सामने दुकान के बाहर गेट की कुंडी लगा दी थी, ताकि पता चलने पर वे भाग निकलें। पंचायत प्रधान सुषमा शर्मा ने बताया कि रात दो बजे मकान के सामने दुकानदार को जब चोरी की वारदात का पता चला तो उन्होंने शोर मचाया। बाहर से गेट पर कुंडी लगी होने के कारण वे अंदर नहीं घुस पाए। इस बीच आरोपी कार में फरार हो गए।
घटना के बाद देर रात एसएचओ जगबीर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने करीब 15 किलोमीटर तक आरोपियों का पीछा किया। लेकिन वे कार में फरार हो गए।
गौरतलब है कि बीते रोज जौडबड़ में चार दुकानों पर चोरी हुई थी। वहीं चिंतपूर्णी, भरवाईं में भी चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। इसके बावजूद अभी तक पुलिस शातिरों को पकड़ा नहीं पाई है। बताया जा रहा है कि चिंतपूर्णी क्षेत्र में शातिर अलग-अलग किस्म की चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। चिंतपूर्णी निवासी रमन कुमार के घर से शातिर लोहे के गाडर, एक पानी की मोटर और सेप्टिक टैंक का ढक्कन लेकर फरार हो गए थे। एसएचओ जगबीर सिंह का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि रात को जौडबड़-चिंतपूर्णी सड़क पर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।