बड़ूही (ऊना)। उपमंडल अंब के तहत धुसाड़ा क्षेत्र में एक ही रात में ग्राम पंचायत कार्यालय और पशु औषधालय में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। चोरी करने के बाद आरोपी युवक सामान बोरी में भरकर सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहा था।
इस दौरान वहां से गुजर रही एक स्थानीय महिला से युवक ने कबाड़ी की दुकान के बारे में जानकारी मांगी। युवक के पास मौजूद भारी बोरी और उसके अंदर भरे सामान को देखकर महिला को उसकी बातों और गतिविधियों पर संदेह हुआ। महिला ने बिना घबराए तुरंत इसकी सूचना ग्राम पंचायत प्रधान सतीश शर्मा को दी। सूचना मिलते के बाद पंचायत प्रधान मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते आसपास के ग्रामीण भी वहां एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने युवक को घेर लिया और उससे बोरी में रखे सामान के बारे में पूछताछ की। मामला संदिग्ध लगने पर ग्रामीणों ने युवक को मौके से जाने नहीं दिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने के बाद युवक को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से बोरी में रखा सामान बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामान चोरी का होने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक ने दोनों सरकारी परिसरों में किस तरह प्रवेश किया और चोरी की वारदात को कैसे अंजाम दिया।डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि आरोपी को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि चोरी की दोनों वारदातों को युवक ने अकेले अंजाम दिया या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। इसके अलावा पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी पहले से इन स्थानों की रेकी कर रहा था या अचानक चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा सकती है।