बंगाणा (ऊना)। 46वें जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों के राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर की मौजूदगी में शुक्रवार की देरशाम भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ केक काटा। इस मौके पर लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी और ईश्वर से उन्हें दीर्घायु प्रदान करने की कामना की।
बंगाणा में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों के राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया ने भारत की ताकत का लोहा माना है तथा चीन से विवाद के बाद भारत की सेना ने उसे उसी की भाषा में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजूबत इच्छाशक्ति वाली सरकार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री देश की रक्षा में तैनात सैनिकों का हौंसला बढ़ाने के लिए सीमा पर जाकर उनके साथ दीवाली मनाते हैं।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कोविड संकट के दौरान केंद्र सरकार ने प्रत्येक वर्ग को राहत पहुंचाने का प्रयास किया है। कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल, मंडल अध्यक्ष मास्टर तरसेम लाल, डीसी ऊना राघव शर्मा, एसपी अर्जित सेन ठाकुर, प्रीतम डढवाल, मुनीष ठाकुर, चरणजीत शर्मा, राजेंद्र मलांगड़, विजय शर्मा, कृष्ण पाल शर्मा, सूरम सिंह, कैप्टन मल्कीयत सिंह, राजेंद्र रिंकू, चरणजीत पूरेबाल, राम सिंह, डॉ. बलवंत सिंह, मदन राणा, अजय शर्मा, मंजीत, बलवंत ठाकुर, अमृतलाल भारद्वाज, सुरेंद्र हटली व अन्य मौजूद रहे।
अनुराग ने हिमाचल में करवाया रेल विस्तार : वीरेंद्र
कार्यक्रम में उपस्थित मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में अनेकों बड़े प्रोजेक्ट लाए हैं। प्रदेश में रेलवे नेटवर्क का विस्तार उन्होंने करवाया, साथ ही ट्रिपल आईटी संस्थान, बिलासपुर में एम्स, ऊना में पीजीआई सेटेलाइट सेंटर जैसी बड़ी परियोजनाएं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में बनकर तैयार हो रही हैं, जिनका लाभ आने वाले समय में यहां के लोगों को मिलेगा।