बडूही/ऊना। उपमंडल अंब के तहत ग्राम पंचायत ठठल के वार्ड-9 में महिला रजनी की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच के दौरान सामने आया है कि महिला ने कुएं में कूदने से पहले अपनी डायरी में इसका जिक्र किया था कि वह किस कुएं में कूदने जा रही है। उसे वहीं ढूंढने की बात भी लिखी थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतका के घर से बरामद डायरी की प्राथमिक जांच की गई है। डायरी में उसने अपनी मानसिक स्थिति और जीवन में चल रहे संघर्षों का उल्लेख किया है। इसमें किसी को भी अपनी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है। साथ ही उसने अंतिम संस्कार के खर्च के लिए पैसे का जिक्र करते हुए अपनी बेटियों की देखभाल की अपील भी की है।
हालांकि पुलिस केवल डायरी के आधार पर निष्कर्ष निकालने से बच रही है। मामले की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों का इंतजार किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार रजनी लंबे समय से मानसिक तनाव से गुजर रही थी। उसके पति की पहले ही एक सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी, जिसके बाद वह अकेले अपनी दो बेटियों की परवरिश कर रही थी। बताया जा रहा है कि वह पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी।
इस घटना के बाद सबसे बड़ी चिंता उसकी दोनों बेटियों के भविष्य को लेकर है, जो अब असहाय स्थिति में हैं। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से बच्चों की शिक्षा और पालन-पोषण के लिए विशेष सहायता देने की मांग की है।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की जरूरत को भी उजागर करती है। समय रहते सहयोग और परामर्श मिलना ऐसे मामलों में बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।