फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: तेज धूप से सूखने लगी गेहूं की फसल, बारिश का इंतजार

Mon, 16 Feb 2026 06:36 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
विज्ञापन
ऊना। गैर-सिंचित इलाकों में गेहूं की फसल एक बार फिर सूखने लगी है जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई। किसानों का कहना है कि फसल कुछ ही दिनों में दाना बनने की अवस्था में पहुंचने वाली है। इस समय बारिश बेहद जरूरी है। यदि जल्द वर्षा नहीं हुई तो पैदावार पर सीधा असर पड़ सकता है। रविवार को सुबह आसमान में बादल छाने से किसानों को कुछ राहत की उम्मीद जगी थी लेकिन दिन चढ़ते तेज धूप निकल आई और बारिश नहीं हुई। इससे किसानों की आस टूट गई। खेतों में नमी लगातार घट रही है, जिससे फसल के कमजोर पड़ने का खतरा बना हुआ है।
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार ऊना जिला में करीब 35,000 हेक्टेयर जमीन पर गेहूं की फसल तैयार हो रही है। इसमें 65 फीसदी के आसपास इलाका बारिश पर निर्भर है। जिला में इस समय अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच चुका है। तेज धूप के प्रकोप से जमीन की नमी तेजी से सूखी है। ऐसे में गैर सिंचित इलाकों में दोबारा फसल की हालत चिंताजनक होने लगी, तो वहीं सिंचाई सुविधा संपन्न इलाकों में किसान सिंचाई में जुट चुके हैं।

स्थानीय किसानों ने बताया कि इस समय गेहूं की फसल में बालियां निकलने की प्रक्रिया चल रही है जो पैदावार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण चरण होता है। दिन में तेज धूप के कारण मिट्टी सूख रही है। यदि समय पर पानी न दिया जाए तो दाने का भराव प्रभावित हो सकता है। इसलिए हमने सिंचाई शुरू कर दी है । किसानों का मानना है कि बालियां निकलने के समय गेहूं को पर्याप्त मात्रा में खाद और अन्य सूक्ष्म पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। संतुलित उर्वरक और सही समय पर पानी देने से फसल मजबूत होती है और उत्पादन में वृद्धि होती है।
विज्ञापन





किसानों को उम्मीद है कि यदि मौसम अनुकूल रहा और सिंचाई व पोषण प्रबंधन सही ढंग से होता रहा तो इस वर्ष गेहूं की फसल बेहतर उत्पादन देगी। कृषि जानकारों का भी कहना है कि बालियां निकलने के समय फसल को पानी और पोषक तत्वों की कमी नहीं होने देनी चाहिए ताकि दाने का विकास सुचारु रूप से हो सके।


किसान अजमेर सिंह ने कहा हम सिंचाई के साथ यूरिया और अन्य जरूरी खाद का भी प्रयोग कर रहे हैं। यदि इस समय देखभाल ठीक से की जाए तो फसल अच्छी और स्वस्थ होगी जिससे पैदावार भी अधिक मिलेगी।

किसान जोगिंद्र सिंह का कहना है कि बदलते मौसम के कारण खेती में सतर्कता बढ़ानी पड़ी है। पहले मौसम थोड़ा स्थिर रहता था लेकिन अब धूप और ठंड का असर एक साथ देखने को मिल रहा है। ऐसे में खेतों की नियमित निगरानी जरूरी हो गई है ।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें