फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: चिट्टे के खिलाफ ऊना में बुलंद होगी युवा शक्ति की आवाज

Tue, 01 Sep 2026 12:26 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
विज्ञापन
ऊना। चिट्टे और अन्य नशों के दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं को जागरूक करने और नशामुक्त समाज का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाने के उद्देश्य से 7 सितंबर को ऊना में एंटी चिट्टा वॉकथॉन आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में होने वाली इस वॉकथॉन में जिले के स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों की प्रमुख भागीदारी होगी। जिला प्रशासन ने आयोजन को प्रभावी जन-जागरूकता अभियान का स्वरूप देने के साथ विद्यार्थियों की सुरक्षित एवं व्यवस्थित सहभागिता पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। उपायुक्त जतिन लाल ने सोमवार को वॉकथॉन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को विद्यार्थियों के आवागमन की सुव्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षण संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों को आयोजन स्थल तक लाने, उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम के उपरांत सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा। उन्होंने आयोजन के दौरान विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

वॉकथॉन में जिले के सरकारी एवं निजी स्कूलों की 9वीं से 12वीं कक्षा तथा कॉलेजों के विद्यार्थियों को मुख्य लक्षित समूह के तौर पर जोड़ा जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को चिट्टे एवं अन्य नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता के प्रयासों में सहभागी बनाना है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 7 सितंबर को प्रातः करीब 10 बजे इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम ऊना से एंटी-चिट्टा वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे और स्वयं भी इसमें शामिल होंगे। प्रस्तावित रूट के अनुसार वॉकथॉन इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम से आरंभ होकर बस स्टैंड के समीप यू-टर्न लेते हुए वापस स्टेडियम में संपन्न होगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री युवाओं एवं उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण की ‘एंटी चिट्टा शपथ’ दिलाएंगे और युवाओं से संवाद भी करेंगे।
उपायुक्त ने आयोजन स्थल एवं प्रस्तावित रूट पर प्रतिभागियों के प्रवेश एवं निकासी, एकत्रण, यातायात एवं पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, स्वास्थ्य सुविधाओं और सुरक्षा प्रबंधों की बिंदुवार समीक्षा की।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें