मामले में सरगना की शिनाख्त में जुटी पुलिस
पुलिस पूछताछ में होंगे कई खुलासे
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। अंबेहड़ा बीट के जंगलों में वन विभाग की टीम ने अवैध कटान मामले में पकड़े तीन युवकों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने तीनों युवकों को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों से पुलिस पूछताछ में बड़े खुलासे होंगे। इन लोगों के साथ कौन मुख्य सरगना शामिल है, उसकी भी जांच जारी है। जिला ऊना की रामगढ़ धार रेंज के तहत पड़ते सरकारी जंगल में खैरों के अवैध कटान को लेकर माफिया ने वन विभाग और पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा रखी थी। ये लोग रात के अंधेरे में वन संपदा को काट कर रातों रात करोड़ पति बनने की फिराक में थे। रविवार सुबह लगभग दो से तीन बजे के करीब अंबेहड़ा बीट के जंगलों में वन विभाग की टीम ने विजय कुमार पुत्र दिलेर सिंह गांव थाना कलां, ऋषभ कुमार पुत्र संजीव कुमार, गांव नलवाडी तहसील बंगाणा जिला ऊना तथा तीसरा लक्की मोहम्मद पुत्र जान मोहम्मद गांव धरगोड बल्ली तहसील सुजानपुर जिला हमीरपुर को कार साइलेंट कटर और खैर के मोछों सहित मौके पर पकड़ा था। इन्होंने खुद भी माना कि इससे पहले भी ऐसे कामों को अंजाम दे चुके हैं। वहीं, रामगढ़ धार रेंज की बीट अंबेहड़ा के फोरेस्ट गार्ड कमलजीत ने इन तीनों के खिलाफ पुलिस चौकी जोल में शिकायत दर्ज करवाई है।बताया कि उक्त स्थान पर वन विभाग की 2,52,814 रुपये की वन संपदा को नुकसान पहुंचा है।
डीएसपी अजय ठाकुर का कहना है कि अवैध कटान हो या अवैध खनन, जो भी ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। वन विभाग जिला अधिकारी सुशील राणा का कहना है कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी कीमत में बख्शा नहीं जाएगा।