रावमापा भंजाल में चल रहे निर्माण कार्य का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
मुबारिकपुर(ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भंजाल में अस्थायी रूप से केंद्रीय विद्यालय की कक्षाएं शुरू किए जाने को लेकर बुधवार को टीम ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। टीम में केंद्रीय विद्यालय के उपायुक्त वरुण मित्तल, प्राचार्य गिरीश कुमार, तहसीलदार कुलताज सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। इस अवसर पर स्थानीय पाठशाला के कार्यकारी प्राचार्य राजन शर्मा, अधीक्षक दिनेश कुमार, मुकेश कुमार, विनोद ठाकुर एवं अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि जब तक केंद्रीय विद्यालय का अपना भवन तैयार नहीं हो जाता, इसकी कक्षाएं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भंजाल के परिसर में संचालित की जाएंगी। इसी को लेकर बुधवार को टीम ने दौरा कर अस्थायी रूप से बनाए जा रहे शौचालयों, चहारदीवारी तथा अन्य आवश्यक कार्यों का निरीक्षण किया, ताकि केंद्रीय विद्यालय की कक्षाएं इसी शैक्षणिक सत्र से प्रारंभ की जा सकें।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शौचालयों के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, जिससे आगामी सत्र से केंद्रीय विद्यालय की कक्षाएं भंजाल पाठशाला के प्रांगण में शुरू हो सकें। केंद्रीय विद्यालय के उपायुक्त वरुण मित्तल ने बताया कि यदि सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी हो जाती हैं तो केंद्रीय विद्यालय में पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई शुरू कर दी जाएगी।
विधायक राकेश कालिया ने भी संबंधित विभागों को केंद्रीय विद्यालय से जुड़ी सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, जिलाधीश ऊना जतिन लाल ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय को जल्द शुरू करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं और इस दिशा में कार्य प्रगति पर है।