3380 दाखिला आवेदन का लक्ष्य, 10 दिन में मात्र 102 पंजीकरण
अमर उजाला पड़ताल
प्रदेश के अन्य जिलों के मुकाबले ऊना में आवेदन अभी तक सबसे कम
जेएनवी प्रबंधन ने सभी स्कूलों से की आवेदन करवाने की अपील
आवेदन प्रक्रिया के लिए 29 जुलाई रखी गई है अंतिम तिथि
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। ऊना जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2026–27 के तहत छठी कक्षा में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया चार जुलाई से शुरू हो चुकी है। आवेदन की समय सीमा चार से 29 जुलाई तक तय की गई है लेकिन 10 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक केवल 102 विद्यार्थियों के आवेदन ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुए हैं। यह संख्या प्रदेश के अन्य जिलों के मुकाबले सबसे कम बताई जा रही है।
जिला के लिए 3380 बच्चों के आवेदन पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि मौजूदा स्थिति में लक्ष्य और प्राप्त आवेदनों के बीच जमीन–आसमान का अंतर है। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने यहां पढ़ने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को नवोदय विद्यालय प्रवेश प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक बच्चे इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
जानकारी के अभाव में कई बच्चे रह जाते हैं वंचित
जिला के कई ग्रामीण क्षेत्रों में अभिभावकों को नवोदय विद्यालय प्रवेश से जुड़ी सही और समय पर जानकारी नहीं मिल पाती। यह एक प्रमुख कारण है कि कई बच्चे इस योजना का लाभ नहीं ले पाते। वहीं कई स्कूलों में भी इसे लेकर पर्याप्त गंभीरता नहीं दिखाई जाती। जिन अभिभावकों में जागरूकता है, वे अपने स्तर पर आवेदन कर देते हैं, लेकिन बड़ी संख्या में बच्चों को इसका लाभ नहीं मिल पाता।
स्कूलों को दिए गए विशेष निर्देश
जिला प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक सोमलाल धीमान ने बताया कि सभी प्राथमिक स्कूल अपने यहां पांचवीं कक्षा में पढ़ रहे बच्चों के अभिभावकों को नवोदय विद्यालय में दाखिले के लिए पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दें। उन्होंने बताया कि आवेदन ऑनलाइन माध्यम से लिंक https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs पर किया जा सकता है। स्कूल प्रबंधक किसी प्रकार की दुविधा की स्थिति में खंड शिक्षा कार्यालयों के जानकारी लें।