ऊना जिले के छमाह गांव में मुख्य सड़क पर भारी कीचड़ व दलदल के कारण ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाई हो रही है। लगातार बारिश से सड़क पर गड्ढे बन गए हैं और दुर्घटनाएं बढ़ी हैं। पंचायत प्रधान ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।
बड़ूही (ऊना)। उपमंडल अंब की स्तोथर पंचायत के अंतर्गत आने वाले गांव छमाह के लोग इन दिनों एक गंभीर समस्या का सामना कर रहे हैं। भैरा से स्तोथर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर दलदल और कीचड़ के कारण ग्रामीणों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार लगातार हुई भारी बरसात के कारण सड़क किनारे बनी नालियां कीचड़ से भर गई हैं। इसका पानी सड़क पर जमा होकर बड़े गड्ढे बना चुका है। सड़क के दोनों तरफ घर होने के कारण लोग अपने घरों से निकलते ही कीचड़ से होकर गुजरते हैं। इससे न केवल पैदल चलना कठिन हो गया है, बल्कि वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय ग्रामीण परमला देवी, राज कुमार, रणजीत सिंह और रजनी शर्मा का कहना है कि यह समस्या कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन अभी तक किसी विभाग ने कोई कदम नहीं उठाया है। रोजाना सैकड़ों वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं और कई बार दोपहिया वाहन चालक कीचड़ में फिसलकर गिर चुके हैं, जिससे घायल होने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
ग्राम पंचायत स्तोथर के प्रधान मोहिंदर सिंह ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए जेसीबी भेजी गई थी, लेकिन दलदल के कारण मशीन वहां तक नहीं पहुंच पाई। उन्होंने कहा कि मौसम साफ होने के बाद एक-दो दिन में समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।