ऊना। विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह के तहत बुधवार को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के सभागार में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सूचना, शिक्षा एवं सम्प्रेषण प्रभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। यह सप्ताह 18 से 24 नवंबर तक मनाया जा रहा है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विशाल ठाकुर ने रोगाणुरोधी प्रतिरोध के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक और गलत इस्तेमाल रोगाणुओं में दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने का प्रमुख कारण है।
इससे सामान्य संक्रमणों का उपचार भी मुश्किल हो सकता है। उन्होंने कहा कि एंटीबायोटिक दवाएं केवल चिकित्सक की सलाह पर ही लें। निर्धारित अवधि से पहले दवा बंद करना या बची हुई दवाओं का दोबारा इस्तेमाल करना नुकसानदायक हो सकता है।
उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों से संक्रमण की रोकथाम, स्वच्छता और एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में खंड चिकित्सा अधिकारी गगरेट डॉ. पंकज पराशर, अंब डॉ. राहुल कतना, हरोली डॉ. शिंगारा सिंह, थानाकलां डॉ. रमेश रत्तु, डब्ल्यूएचओ सलाहकार डॉ. निकेत, डॉ. चेतन मोदगिल, डॉ. कनिका, डॉ. पूजा, जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी गोपाल कृष्ण और बीसीसी समन्वयक कंचन माला सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।