जनता की सुविधा और सुरक्षा के लिए खोला गया था कक्ष
बस स्टैंड पर 24 घंटे रहती है सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। ऊना बस स्टैंड में लोगों की सुरक्षा के लिए स्थापित किया गया पुलिस सहायता कक्षा अधिकतर बंद रहता है। ऐसे में कभी कभार ही पुलिस कर्मचारी इस कक्ष में बैठते हैं। दूसरी तरफ रात के समय भी कक्ष में कोई जवान नहीं रहता। इससे बस स्टैंड में सुरक्षा व्यवस्था राम भरोसे रहती है। ऊना बस स्टैंड में सुरक्षा के लिए पुलिस की तरफ से सहायता कक्ष स्थापित किया गया है। अगर किसी भी सवारी को कोई परेशानी या पुलिस की मदद की जरूरत पड़ती है तो कक्ष में मौजूद कर्मचारी लोगों की मदद करता था। बीते कुछ समय से कक्ष में कभी-कभी ही पुलिस के जवान बैठते हैं। ऊना बस स्टैंड में जिला के अलावा अन्य जिलों से भी रोजाना हजारों लोगों का आना-जाना रहता है। इसके अलावा कुछ बसें रात के समय बस स्टैंड पर ही खड़ी रहती हैं। इसे लेकर कई बार पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया लेकिन अभी तक नियमित रूप से कक्ष में कोई भी पुलिस जवान की तैनाती नहीं हुई है। ऊना बस स्टैंड चंडीगढ़ धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है। ऐसे में बसों में सफर करने वाले मुसाफिरों के अलावा अन्य लोगों का भी इस मार्ग से दिन-रात आना-जाना लगा रहता है।
कोट्स
यह मामला मेरे ध्यान में आया है। रात के समय बस स्टैंड में गश्त की जाती है। जहां तक स्थायी तौर पर पुलिस जवान की तैनाती की बात है तो इस मामले पर भी जल्द उचित कार्रवाई की जाएगी।
अमित यादव, पुलिस अधीक्षक ऊना