अंब (ऊना)। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ ने सरकार के प्रवक्ताओं को छठी से बारहवीं कक्षा तक पढ़ाने के आदेश को इस वर्ग के लिए मानसिक उत्पीड़न करार दिया है। संघ की वर्चुअल बैठक प्रदेश अध्यक्ष अजय नेगी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। अजय नेगी ने कहा कि विभाग की ओर से एक ही तरह के पत्र बार-बार जारी करना प्रवक्ताओं के सम्मान के खिलाफ है। यह पहला अवसर नहीं है जब इस तरह के निर्देश दिए गए हों। 2010 से नियुक्त और पदोन्नत प्रवक्ताओं को कई बार ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रवक्ता साथी बच्चों को पढ़ाने से कभी पीछे नहीं हटते और आवश्यकता पड़ने पर स्वेच्छा से रिक्त पदों पर जाकर पूरी निष्ठा से सेवाएं देते हैं। प्रवक्ता पिछले 25–26 वर्षों से एक ही पद पर कार्यरत हैं। जब भी वे अपने अधिकारों की मांग करते हैं, शिक्षा विभाग इस प्रकार के आदेश जारी करता है।
संघ ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार 6वीं से 12वीं कक्षा तक की जिम्मेदारी प्रवक्ताओं को ही देना चाहती है, तो वे इसे सहर्ष स्वीकार करेंगे। लेकिन, इसके साथ ही मुख्य अध्यापक और प्रधानाचार्य पदों की पदोन्नति में उन्हें 100% हिस्सेदारी दी जानी चाहिए।