बोले, नशे के खात्मे को लेकर इकट्ठे होकर करें सभी काम
मंदली स्कूल में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में विद्यार्थियों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
मंदली (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंदली में बुधवार को विद्यार्थियों को यातायात नियम, साइबर अपराध और नशे के खिलाफ जागरूक किया गया। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में पुलिस विभाग से सहायक उप निरीक्षक बलवंत सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर विद्यार्थियों के साथ महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि अपने साथ किसी भी प्रकार का अपराध हो रहा हो तो उसके खिलाफ आवाज उठाएं। अपने मोबाइल फोन पर किसी भी अनजान लिंक को क्लिक न करें। यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें। उन्होंने कहा कि वर्तमान की युवा पीढ़ी नशे के चंगुल में फंसती जा रही है। युवा भविष्य नशे में फंसकर बर्बाद न करें। इसके खिलाफ एकजुट होकर आवाज़ उठाएं। समाज में अगर कहीं पर भी नशे का चलन हो रहा है तो उसकी जानकारी पुलिस को अवश्य दें। बताने वाले का नाम पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा।
वर्तमान की युवा पीढ़ी रील बनाने के चक्कर में अपने लक्ष्य से भटक चुकी है। उन्होंने युवाओं को विद्यार्थी जीवन में ही अनुशासित ढंग से जीवन व्यतीत करने के साथ ही अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की ओर पूरा ध्यान फोकस करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य देवेंद्र सिंह चौहान ने अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से बच्चों के सोच में बदलाव आता है और इससे बच्चों में भी संवाद करने और सवाल जवाब करने का अवसर प्राप्त होकर उनका हौसला बढ़ता है।
बॉक्स
सारिका का कहना है कि कार्यक्रम में लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करने के मामलों में चुप न रहकर इसके खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा मिली। समाज में लोगों को भी इस बारे में जागरुक किया जाएगा ताकि अपराध को बढ़ाने से रोका जा सके।
साक्षी का कहना है कि लड़के और लड़कियां दोनों के लिए एक समान कानून है, जो भी गलत करेगा उसके खिलाफ नियमों का तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके अलावा कार्यक्रम में पुलिस की कार्य प्रणाली के बारे में जानकारी मिली।
बॉक्स
अरुण का कहना है कि कार्यक्रम में दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का इस्तेमाल करने और बिना दस्तावेज के कोई भी वाहन ड्राइव न करने की जानकारी मिली। 18 साल से कम आयु वर्ग के युवाओं को वाहन नहीं चलाना चाहिए।
बॉक्स
नेहल का कहना है कि नशे से दूर रहने और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ एकजुट होकर कार्रवाई करने की प्रेरणा मिली है ताकि समाज से नशे को खत्म किया जा सके।
बॉक्स
अनिरुद्ध का कहना है कि कार्यक्रम में साइबर अपराध ऑनलाइन ठगी के अलावा सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव के बारे में जागरूक किया गया।
बॉक्स
सूरज शर्मा का कहना है कि कार्यक्रम में अनुशासित होकर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने और विद्यार्थी जीवन में ही अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरा ध्यान पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की प्रेरणा मिली।