ऊना। जिला कांग्रेस कमेटी ऊना के अध्यक्ष देशराज गौतम ने कीर्ति चक्र (मरणोपरांत) से सम्मानित शहीद दिलवर खान के शहीदी दिवस पर उनके पैतृक गांव घरवासड़ा (कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र) पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
देशराज गौतम ने कहा कि शहीद दिलवर खान ने देश की रक्षा के लिए दुश्मनों से बहादुरी से मुकाबला करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनकी वीरता, राष्ट्रभक्ति और अदम्य साहस को देश हमेशा गर्व के साथ याद रखेगा। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
उन्होंने शहीद के माता-पिता, विशेष रूप से उनके पिता करम दीन को नमन करते हुए कहा कि ऐसे वीर सपूत को जन्म देकर उन्होंने हिमाचल प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। पूरा देश इस परिवार का सदैव ऋणी रहेगा।
देशराज गौतम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश वीरों की भूमि है, जिसने देश को अनेक बहादुर सैनिक दिए हैं। शहीद दिलवर खान की वीरता और सर्वोच्च बलिदान को ऊना सहित पूरा देश हमेशा श्रद्धा और सम्मान के साथ याद करता रहेगा।