आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत की कार्रवाई
भवन गिराने के बाद मलबे को भी सही स्थान पर पहुंचाने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। नगर निगम प्रबंधन ने शहर के 18 जर्जर भवनों को गिराने के आदेश जारी कर दिए हैं। इस प्रक्रिया के तहत वार्ड नंबर पांच में एक भवन के कुछ हिस्से को पहले ही गिराया जा चुका है। प्रबंधन ने यह कार्रवाई आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत की है, ताकि किसी भी प्रकार के जानमाल के नुकसान से बचा जा सके। नगर निगम ने शहर में पुराने और जर्जर भवनों को गिराने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कड़ी में करीब 18 भवनों को चिह्नित किया गया है, जिन्हें शीघ्र ही गिराया जाएगा। इसके साथ ही निगम ने निर्देश दिए हैं कि गिराए गए भवनों के मलबे को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए। चिह्नित भवनों में पौड़ियां वाला बाजार ऊना का एक भवन, मोहल्ला कटियाणा में एक भवन, वार्ड सात के तीन भवन, गीता मंदिर के समीप मोहल्ला शिवाला का एक भवन, वार्ड आठ का एक भवन, वार्ड दस का एक भवन, वार्ड पांच के आठ भवन और वार्ड छह का एक भवन शामिल है।
रविवार को भी जारी रहा नालियों की सफाई अभियान
हाल ही में हुई भारी बारिश के बाद शहर की कई नालियों में मलबा और कचरा जमा हो गया है। पानी की निकासी सुचारु रखने के लिए नगर निगम ने बीते तीन दिनों से विशेष सफाई अभियान चला रखा है। रविवार को अवकाश के दिन भी निगम आयुक्त महेंद्र पाल गुर्जर के नेतृत्व में टक्का रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में ड्रेनेज नालियों की सफाई कराई गई।
कोट्स
नगर निगम ने शहर में 18 जर्जर भवनों को असुरक्षित घोषित करते हुए उन्हें गिराने के आदेश जारी किए हैं। इसके अलावा शहर में ड्रेनेज नालियों की सफाई का कार्य भी लगातार जारी है। -महेंद्र पाल गुर्जर, आयुक्त, नगर निगम ऊना