दिन और रात के तापमान में 20 डिग्री का अंतर, बीमार होने का खतरा बढ़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले के मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। यहां तक कि दिन और रात के तापमान में भी बड़ा अंतर है। दिन में तेज धूप निकलने से तापमान 28 डिग्री तक पहुंच गया है और रात में सर्दी बढ़ने से 8.8 डिग्री सेल्सियस है। दिन और रात के तापमान में 20 डिग्री का अंतर होने से लोग बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। दिन में तेज धूप निकलने से धीरे-धीरे तापमान बढ़ रहा है। जिले में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। दिन में गर्म कपड़ों में अब गर्मी का अहसास होने लगा है। स्थिति यह है कि शाम ढलते ही सर्दी का अहसास होने लगता है। रात में जहां अत्यधिक सर्दी हो रही है, वहीं सुबह दस बजे तक सर्दी बनी रहती है।
स्थिति यह है कि रात में सर्दी अभी भी अत्यधिक है, जिसके चलते न्यूनतम तापमान यहां 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा है। रात और दिन में तापमान में लगभग 20 डिग्री का अंतर चल रहा है। अत्यधिक अंतर होने से आम लोगों की सेहत पर भी प्रभाव पड़ रहा है, लोग बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। मौसम विभाग ने 17 नवंबर तक जिला में मौसम साफ रहने का आंदेशा जताया है। इस दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों में गिरावट आ सकती है। जिला में इस माह अभी तक 0.7 मिलीमीटर बारिश ही दर्ज हुई है जबकि इस अवधि में 2 मिलीमीटर बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया था।