थानाकलां (ऊना)। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना-2.0 के वाटरशेड विकास घटक के तहत शुक्रवार को विकास खंड बंगाणा की चयनित ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्राम सभाओं में रिफॉर्म उत्सव-अधिक राशि, तेज काम, बेहतर परिणाम का संदेश ग्रामीणों और लाभार्थियों तक पहुंचाया गया। थानाकलां, प्लाहटा, डीहर, डोबर और खरयालता समेत चयनित पंचायतों में हुई ग्राम सभाओं में योजना के तहत संचालित गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं संचयन, सिंचाई सुविधा, भूमि विकास, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, कृषि और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों के बारे में बताया।
खंड विकास अधिकारी केएल वर्मा ने बताया कि पीएमकेएसवाई-2.0 के तहत जल और भूमि संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के साथ कृषि व ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। ग्राम सभाओं के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना भी आवश्यक है, ताकि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंच सके।