गगरेट (ऊना)। ग्राम पंचायत अंबोटा में प्रधान पद अनारक्षित होने के चलते रविवार को सर्वसम्मति बनाने के लिए बुलाई गई बैठक बेनतीजा रही, जिसके बाद अब चुनाव में सीधा मुकाबला तय माना जा रहा है। बैठक में गांव के गणमान्य लोग और संभावित उम्मीदवार शामिल हुए लेकिन लंबी चर्चा के बावजूद किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन पाई।
इस दौरान चार लोगों ने अपनी दावेदारी पेश की, जिससे साफ हो गया कि इस बार चुनाव कांटे का होगा। नामांकन से पहले ही गांव का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग चुका है और सभी संभावित उम्मीदवार अपने-अपने समर्थन को मजबूत करने में जुट गए हैं।
उधर, पंचायत के पुनर्गठन के बाद अंबोटा के समीकरण भी बदल गए हैं। चतेहड़ को अलग पंचायत का दर्जा मिलने से अब दोनों क्षेत्रों में अलग-अलग रणनीतियां बन रही हैं। गांव में दो खेमे साफ नजर आने लगे हैं, जिससे चुनाव वर्चस्व की लड़ाई बनता दिख रहा है। आने वाले दिनों में प्रचार तेज होने के साथ आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू होने की संभावना है।
स्थानीय लोगों अरविंद, मुनीश, पंकज, संजीव और तरसेम का कहना है कि पंचायत चुनाव में मुकाबला भले कड़ा हो लेकिन आपसी भाईचारा बना रहना चाहिए। उनका मानना है कि यदि सर्वसम्मति बनती तो गांव को इसका लाभ मिलता लेकिन अब मुकाबला रोचक और निर्णायक रहने वाला है।