नारी (ऊना)। ऊना-धमांदरी वाया टक्का सड़क पर क्षतिग्रस्त पुलिया और गिरा डंगा लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हैं। बारिश में हालात और बिगड़ रहे हैं लेकिन अब तक मरम्मत नहीं हो पाई।
पुलिया के पास फिलहाल एक तरफ से ही रास्ता निकाला गया है लेकिन करीब 50 मीटर तक डंगा गिरने के कारण स्थिति और भी खतरनाक बनी हुई है। इस हिस्से से गुजरना लोगों के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा है और आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस सड़क से लगभग 15 गांवों की 20 से 25 हजार की आबादी जुड़ी हुई है। इसके बावजूद लंबे समय से मरम्मत कार्य नहीं होने से लोगों में प्रशासन के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है।
देशराज, पुरुषोत्तम, शांति, निशा, राम किशोर, संजय कुमार, दीपक और सुशील कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त स्थान पर मोड़ होने के कारण रास्ता काफी संकरा हो गया है। ऐसे में सामने से आने वाले वाहनों के साथ टकराव का खतरा हर समय बना रहता है।
लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं से बचाव हो सके और लोगों को राहत मिल सके।
उधर, लोक निर्माण विभाग बंगाणा के कार्यकारी अभियंता अरविंद लखनपाल ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर मरम्मत कार्य करवाया जाएगा।