ईसपुर में पेयजल टैंक से पानी गिरने के चलते जमा कीचड़। संवाद
ऊना। हरोली उपमंडल की ग्राम पंचायत ईसपुर में पेयजल टैंक के रखरखाव के लिए बनाई गई सीढ़ी लंबे समय से बदहाल है। टंकी तक पहुंचने वाली लोहे की सीढ़ी का अधिकांश हिस्सा टूट चुका और अब यह महज एक लोहे के एंगल के सहारे हवा में झूल रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि टंकी की नियमित सफाई और रखरखाव के लिए कर्मचारी आखिर ऊपर तक पहुंचेंगे कैसे। खास बात यह कि सड़क किनारे स्थित इस टैंक की बदहाली पर जल शक्ति विभाग कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाया।
ग्रामीणों के मुताबिक गांव के कई घरों में इसी टैंक से पेयजल की आपूर्ति होती है। इसके बावजूद इसकी देखरेख को लेकर बरती जा रही लापरवाही व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि टंकी का पानी भी अक्सर ओवरफ्लो होकर बाहर बहता रहता है। इससे एक ओर पेयजल की बर्बादी हो रही है, वहीं टंकी की नियमित निगरानी और सफाई को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
स्थानीय निवासी जसविंद्र सिंह, यशपाल, अभिषेक कुमार, रमन कुमार और अजय कुमार सहित अन्य ने कहा कि टंकी तक पहुंचने का सुरक्षित रास्ता ही नहीं बचा है। यदि सीढ़ी की यही स्थिति रही तो सफाई या किसी तकनीकी खराबी की स्थिति में कर्मचारी टंकी तक कैसे पहुंचेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि विभाग को सीढ़ी की मरम्मत के साथ टंकी के ओवरफ्लो होने की समस्या का भी स्थायी समाधान करना चाहिए।
ग्राम पंचायत ईसपुर के प्रधान हरि नारायण ने कहा कि पेयजल टैंक गांव के लिए महत्वपूर्ण है। इसकी सीढ़ी खराब होने से रखरखाव में परेशानी होना स्वाभाविक है। विभाग को समस्या से अवगत करवाया गया है।
जल शक्ति विभाग उपमंडल खड्ड के एसडीओ सुमीत ठाकुर ने बताया कि सीढ़ी के निर्माण को लेकर टेंडर प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि सीढ़ी का निर्माण शटरिंग का कार्य होने के बाद ही किया जा सकेगा। इस संबंध में विभागीय प्रक्रिया जारी है और कार्य पूरा होने के बाद टंकी तक पहुंचने की समस्या दूर हो जाएगी।