डीसी ऊना जतिन लाल को आईटीआई एसओए गगरेट के प्रशिक्षु महासभा के सदस्यों के साथ ज्ञापन देते। जाग
ऊना। जिला मुख्यालय से स्टेट ऑफ आर्ट (एसओए) आईटीआई को गगरेट शिफ्ट करने का मुद्दा अब तूल पकड़ता जा रहा है। सदर विधायक सतपाल सत्ती ने हाल ही में प्रदेश सरकार से इस सत्र की कक्षाएं ऊना में ही संचालित करने की मांग उठाई थी, लेकिन सरकार और प्रशासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है।
इस बीच सोमवार को महर्षि वाल्मीकि यूथ महासभा के नेतृत्व में आईटीआई प्रशिक्षुओं ने उपायुक्त ऊना से मुलाकात की और इस मामले में शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। प्रशिक्षुओं ने मांग की कि इस सत्र में कक्षाओं का संचालन ऊना में ही किया जाए। उन्होंने 16 नवंबर तक अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर कोई निर्णय नहीं लिया जाता है तो प्रशिक्षु महिला आईटीआई ऊना के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
गौरतलब है कि एसओए आईटीआई गगरेट की कक्षाएं पिछले कुछ सालों से ऊना शहर स्थित महिला आईटीआई में संचालित हो रही थीं, जहां करीब 60 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। इनमें से अधिकांश गरीब और दूरदराज के इलाकों से आते हैं। सरकार ने हाल ही में निर्णय लिया था कि आईटीआई को गगरेट शिफ्ट किया जाए, लेकिन प्रशिक्षुओं का कहना है कि गगरेट जाना उनके लिए मुश्किल है, क्योंकि वहां उन्हें किराए के कमरे पर रहना पड़ेगा। वहीं, ऊना पहुंचना उनके लिए काफी सुविधाजनक है। प्रशिक्षुओं ने मांग की है कि इस सत्र की कक्षाएं ऊना में ही लगाई जाएं, और अगला सत्र गगरेट में शुरू किया जाए।
इस मामले में विधायक सतपाल सत्ती भी प्रशिक्षुओं से मिलकर उनकी मांगों का समर्थन कर चुके हैं। हालांकि, अब तक सरकार और प्रशासन की ओर से कोई फैसला नहीं लिया गया है।
एसओए आईटीआई के प्रशिक्षुओं की ओर से मांगपत्र दिया गया है। इससे जुड़ी जानकारी हासिल कर आगामी कदम उठाए जाएंगे। ऐसी संभावनाएं तलाशी जाएंगी, जिससे प्रशिक्षुओं, आईटीआई प्रबंधन और सरकार को कोई परेशानी न हो।
जतिन लाल, उपायुक्त ऊना।