प्रस्ताव पारित कर समाज को जागरूक करने का संकल्प
20 हजार की आबादी वाले क्षेत्र में कूड़ा प्रबंधन के नाम पर केवल खानापूर्ति
अस्पताल में ब्लड कंपोनेंट मशीन की सुविधा न होने से मरीज परेशान
वरिष्ठ नागरिक सभा की बैठक में समस्याओं और समाज में व्याप्त कुरीतियों पर गहन चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। ऊना में वरिष्ठ नागरिक सभा की बैठक रविवार को अध्यक्ष आरके शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं और समाज में व्याप्त कुरीतियों पर गहन चर्चा की गई। सभा ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।
बैठक में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर चिंता जताई गई। सभा ने कहा कि हालांकि सरकार ने चिकित्सकों की नियुक्ति कर दी है, लेकिन रेडियोलॉजिस्ट और हृदय रोग विशेषज्ञों की कमी अभी भी बरकरार है, जिससे बुजुर्ग मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सभा ने अस्पताल के 50 बिस्तरों वाले नए भवन के अप्रैल तक तैयार होने की सूचना का स्वागत किया, लेकिन स्पष्ट किया कि इसका वास्तविक लाभ तभी मिलेगा जब यह पूरी तरह कार्यात्मक होगा।
इसके अतिरिक्त अस्पताल में ब्लड कंपोनेंट मशीन की सुविधा न होने के कारण मरीजों को प्लेटलेट्स के लिए बाहरी केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ता है, जो गंभीर समस्या है। सभा ने मानवाधिकार आयोग के निर्देशों का हवाला देते हुए यह भी मांग की कि अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग वार्ड और अटेंडेंट की व्यवस्था होनी चाहिए, जो वर्तमान में उपलब्ध नहीं है।
शहर की मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए सभा ने कहा कि ऊना शहर में सार्वजनिक शौचालयों का अभाव है। पहले जो खाली स्थान उपयोग में आते थे, अब वे उपलब्ध नहीं हैं, जिससे बुजुर्गों को शर्मिंदगी और असुविधा झेलनी पड़ती है। नगर निगम को इस संबंध में कई बार सूचित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
सभा ने कूड़ा प्रबंधन की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। 20,000 की आबादी वाले इस क्षेत्र में केवल खानापूर्ति के नाम पर कूड़ा उठाया जा रहा है और उचित डस्टबिन की व्यवस्था न होने के कारण सड़कों पर गंदगी फैली रहती है। इसके अतिरिक्त, सभा ने आवारा पशुओं और नशे के व्यापार पर भी कड़ा रोष व्यक्त किया। अंत में सभा ने स्थानीय प्रशासन और सरकार से आग्रह किया कि इन ज्वलंत समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि वरिष्ठ नागरिकों और आम जनता को राहत मिल सके।