बडूही/ऊना। विकास खंड अंब के अंतर्गत ग्राम पंचायत टकारला में प्रधान पद के लिए निर्वाचित हुए रत्न चंद ठाकुर ने शपथ ग्रहण से पहले ही पंचायत प्रशासन को लेकर कड़ा रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि पंचायत के विकास, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा पिछले पांच वर्षों में हुए विकास कार्यों की विस्तृत जांच करवाई जाएगी।
नवनिर्वाचित प्रधान ने कहा कि पंचायत में आने वाली प्रत्येक सरकारी धनराशि का उपयोग केवल विकास कार्यों पर किया जाएगा। उन्होंने दो टूक कहा कि हमारा सिद्धांत साफ है, न खाएंगे, न खाने देंगे। पंचायत के विकास के लिए आने वाले एक-एक रुपये का हिसाब जनता को दिया जाएगा। यदि किसी ने सरकारी धन का दुरुपयोग किया है और जांच में दोषी पाया जाता है तो उससे राशि की वसूली भी करवाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र परिवारों तक पहुंचाया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति गलत तरीके से सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहा है और पात्रता के दायरे में नहीं आता, तो ऐसे मामलों की जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रत्न चंद ठाकुर ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि पिछली पंचायत के कार्यकाल में हुए सभी विकास कार्यों की समीक्षा करवाई जाएगी। पंचायत के प्रत्येक वार्ड में हुए निर्माण कार्यों, खर्च की गई धनराशि तथा कार्यों की गुणवत्ता की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी कार्य में अनियमितता, वित्तीय गड़बड़ी या सरकारी धन के दुरुपयोग के प्रमाण मिलते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।