ऊना। आपदा प्रबंधन अधिनियम की जहां समूचे जिले में सख्ती से पालन की जा रही है तो वहीं रेलवे प्रबंधन बोर्ड जिला प्रशासन की ओर से जारी की गई अधिसूचना की सरेआम धज्जियां उड़ा रहा है। अधिनियम के तहत डीसी ऊना जतिन लाल ने सभी विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि इस एक्ट के तहत पार्किंग स्थलों पर वाहन चालकों से आधे घंटे वाहनों के पार्क किए जाने की सूरत में पार्किंग शुल्क के नाम पर 10 रुपये ही अर्जित किए जाएंगे। रेलवे प्रबंधन बोर्ड ऊना के ऊपर जिला प्रशासन की अधिसूचना का असर धरातल पर होता नजर नहीं आया है और सरेआम आपदा प्रबंधन अधिनियम की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। प्रशासन के निर्देशों के बावजूद रेलवे प्रबंधन बोर्ड के पार्किंग स्थल पर बोर्ड तक नहीं बदल है। पार्किंग शुल्क नियमों के तहत वसूलना तो दूर की बात है। रेलवे बोर्ड प्रबंधन के परिसर में पार्किंग के नाम पर अभी भी 20 रुपये की वसूली वाहन चालकों से की जा रही है। रेलवे प्रबंधन बोर्ड का ढुलमुल और लापरवाही वाला रवैया आम जनता पर भारी पड़ता नजर आया है और लोगों में रोष व्याप्त है। बावजूद इसके रेलवे प्रबंधन बोर्ड ऊना पर इस अधिसूचना का कोई भी असर होता नजर नहीं आया है और वर्तमान में लोगों से 20 रुपये की ही वसूली की जा रही है। लोगों ने उपायुक्त ऊना से मांग की है कि इस दिशा में रेलवे प्रबंधन बोर्ड के अधिकारियों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाए।
उधर एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल का कहना है कि जब से जिला में आपदा प्रबंधन अधिनियम लागू किया गया है। डीसी ऊना के निर्देशों के तहत सभी जगह पर पार्किंग की वसूली के नाम पर 10 रुपये आधा घंटा वाहनों के पार्क करने की सूचना जारी की गई है। रेलवे प्रबंधन बोर्ड ऊना की इस संदर्भ में लोगों ने शिकायत दी है और रेलवे प्रबंधन बोर्ड को आपदा प्रबंधन अधिनियम की सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। अगर धरातल पर नियमों की पालन नहीं किया जा रहा है तो आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।