ऊना। शहर के गलुआ वार्ड में करीब एक करोड़ रुपये की लागत से पार्क का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम के नाम 26 कनाल भूमि हस्तांतरित कर दी गई है। नगर निगम जल्द ही इसे लेकर आगामी प्रक्रिया शुरू कर देगा।
यह पार्क प्राथमिक स्कूल गलुआ के सामने मैदान में बनाया जाएगा। इसके लिए नगर निगम प्रबंधन ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। पार्क के निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया को भी पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद निर्माण कार्य को आरंभ कर दिया जाएगा। खास बात यह है कि इस पार्क में हॉकी प्रैक्टिस की सुविधा होगी।
पार्क में बच्चों के लिए आकर्षक झूले, युवाओं और बुजुर्गों के लिए ओपन एयर जिम व सैर करने के लिए करीब 400 मीटर लंबा ट्रैक भी तैयार किया जाएगा। इसके अलावा पार्क में सुंदर-सुंदर फूलों की क्यारियां, पेड़ पौधों सहित लाइट की व्यवस्था भी होगी।
परियोजना में पर्यावरण संतुलन और जल प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। बरसाती पानी की सुचारु निकासी के लिए पार्क से सटी खड्ड में ड्रेनेज की व्यवस्था की जाएगी, जिससे वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी। यह व्यवस्था आसपास के रिहायशी क्षेत्रों के लिए भी राहत लेकर आएगी।
पार्क का निर्माण पूरा होने के बाद गलुआ क्षेत्र की पहचान एक विकसित और आधुनिक शहरी क्षेत्र के रूप में होगी। यह पार्क न केवल बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ेगा बल्कि परिवारों के लिए भी एक सुरक्षित और सुंदर सार्वजनिक स्थान प्रदान करेगा।