संवाद न्यूज एजेंसी
नारी (ऊना)। 18 वर्ष से 59 वर्ष के लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मुफ्त एहतियाती बूस्टर डोज को लेकर लोगों में उत्साह नजर आ रहा है। क्षेत्र में इस समय कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग लोगों से सभी नियमों का पालन करने की अपील कर रहा है।
इस बीच अब निशुल्क एहतियाती खुराक लगाए जाने के फैसले का लोगों ने स्वागत किया है। क्षेत्र के लोगों ने सरकार के इस फैसले को लेकर अपने विचार साझा किए।
डोज से मिलेगी कोरोना से मुक्ति
एहतियाती डोज का फैसला सही समय पर लिया गया है। इस समय संक्रमण बढ़ रहा है और लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे समय में एहतियाती डोज लगने से कई लोगों को सुरक्षा मिलेगी।
रामपाल, निवासी ऊना
सभी लगवाएं कोविड वैक्सीन
कोरोना से बचाव में टीकाकरण ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अगर किसी ने अभी तक वैक्सीन को दोनों डोज पूरी नहीं की हैं तो उन्हें तुरंत टीकाकरण करवाना चाहिए। सभी डोज लगवाएं और दूसरों को भी प्रेरित करें।
-सुनीता देवी, प्रधान धमांदरी
सबको बूस्टर डोज सराहनीय कदम
18 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग के सभी लोगों को बूस्ट डोज एक सराहनीय कदम है। 60 वर्ष से ऊपर वालों को पहले ही बूस्टर डोज लगाई जा रही है। इस अभियान में सभी को सहयोग देना चाहिए, ताकि कोरोना से और किसी की जान न जाए।
-हरप्रीत सिंह, निवासी नारी
बूस्टर डोज से मिलेगी सुरक्षा
एहतियाती बूस्टर डोज से 18 वर्ष से ऊपर की आयु वाले लोगों को कोरोना से सुरक्षा मिलेगी। सरकार के इस अभियान में लोगों को पूरा सहयोग करना चाहिए। इसके साथ ही मास्क, उचित शारीरिक दूरी और अन्य नियमों का दोबारा सख्ती से पालन करना होगा।
-कांता शर्मा, शिक्षाविद धमांदरी