संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। उपमंडल अंब के तहत एक युवती के साथ विवाह का झांसा देकर दुष्कर्म करने और उसका गर्भपात करवाने के आरोपी को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी की चार दिन की पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद शुक्रवार को उसे दोबारा अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार 25 वर्षीय पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसकी वर्ष 2019 में आरोपी से जान-पहचान हुई थी। मित्रता के दौरान आरोपी ने उससे विवाह का वादा किया और इसी झांसे में रखकर लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान आरोपी ने युवती का गर्भपात भी करवाया। युवती को तब धोखे का पता चला जब उसे जानकारी मिली कि आरोपी ने उसे बताए बिना कहीं और विवाह कर लिया है। ठगी और यौन शोषण का शिकार महसूस कर पीड़िता ने अंब थाना में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी गायब था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर करीब दो सप्ताह की तलाश के बाद बीते सोमवार को आरोपी को बद्दी से गिरफ्तार किया। एसपी ऊना अमित यादव ने बताया कि आरोपी का पुलिस रिमांड समाप्त होने पर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।